आसमान में बरसते चौके-छक्के,दर्शकों की आवाज से गूंजते स्टेडियम, सीमा रेखा के बाहर हर चौके-छक्के पर झूमती चीयरलीडर्स, बॉलीवुड सितारों के हाव भाव दर्शाते टेलीविजन कैमरे, सफलता पर एक साथ झूमते देशी-विदेशी खिलाड़ी और उत्साह में लबालब टीम के नौजवान सदस्य। इंडियन प्रीमियर लीग के पहले सत्र में दर्शकों ने ऐसे-ऐसे नज़ारे देखे, तो इससे पहले क्रिकेट के मैदान पर कभी नहीं देखे गए थे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड समर्थित इंडियन प्रीमियर लीग की परिकल्पना के वक्त किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि ये अपने तरीके का अनूठा टूर्नामेंट साबित होगा। आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी ने ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिेकेट में ग्लैमर का तड़का लगाकर दर्शकों के सामने रखा तो दर्शकों ने इसे हाथों हाथ लिया। 18 अप्रैल 2008 को शुरु हुआ आईपीएल का पहला सत्र 1 जून तक चला। बंगलोर से शुरु हुआ कारवां मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम तक पहुंचा और इस दौरान कुल 58 मैच खेल गए। इसके अलावा एक मैच बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया।
इंडियन प्रीमियर लीग ट्वेंटी-20 फॉर्मेट में खेला गया टूर्नामेंट है,जहां आठ टीमें डबल रॉबिन राउंड और फिर नॉक आउट मुकाबले में खेलती हैं। पहले सीजन में सभी आठ टीमों ने सात मुकाबले अपने घरेलू मैदान पर खेले। कोलकाता,मुंबई,चेन्नई,बंगलोर,हैदराबाद,जयपुर,दिल्ली और मोहाली के नाम पर आठ फ्रेंचाइसी ने आठ टीमों का गठन किया। इन टीम के फ्रेंचाइजी में उद्योगपति विजय माल्या (बंगलोर रॉयल चैलेंजर्स), मुकेश अंबानी (मुंबई इंडियंस), नेस वाडिया-प्रीति ज़िंटा (पंजाब किंग्स इलेवन) जैसे नाम शामिल थे। इसके अलावा चेन्नई सुपर किंग्स (इंडिया सीमेंट), दिल्ली डेयरडेविल्स (जीएमआर होल्डिंग्स), हैदराबाद डेक्कन चार्जर्स (डेक्कन क्रोनिकल) ने ख़रीदीं। बॉलीवुड सितारे शाहरुख़ ख़ान-जय मेहता-जूही चावला ने कोलकाता नाइट राइडर्स को खरीदा। राजस्थान रॉयल्स को इमर्जिंग मीडिया ने अपने नाम किया।
इन आठ टीमों में सबसे महंगी टीम मुंबई इंडियंस थी, जिसे रिलायंस इंडस्ट्री ने 111.9 मिलियन डॉलर ख़र्च कर बनाया। जबकि, राजस्थान रॉयल्स महज़ 67 मिलियन डॉलर में बनी।
सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेन्द्र सहवाग, सौरव गांगुली और युवराज सिंह को आइकन प्लेयर का दर्जा मिला। इन खिलाड़ियों को आईपीएल नीलामी से दूर रखा गया। लेकिन, इनकी कीमत टीम के सबसे महंगे खिलाड़ी से 15 फीसदी ज्यादा रखी गई। हालांकि, पहले सत्र में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी बने चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी। उन्हें छह करोड़ रुपए मिले।
दरअसल, इंडियन प्रीमियर लीग सिर्फ क्रिकेट का खेल भर नहीं रहा। आईपीएल ने मैचों के टेलीविजन अधिकार सोनी इंटरटेनमेंट टेलीविजन और वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप को करोड़ों रुपए में बेचे। इसके अलावा, स्टेडियम में विज्ञापनों के अलग अधिकारों से लेकर मुकाबलों से जुड़ी हर वो चीज बेची गई,जो बेची जा सकती थी। यानी जितना मुमकिन था - उतना रुपया कमाने की कोशिश की गई। हालांकि, इससे बावजूद पहले सीजन में सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स ही मुनाफा दर्ज करने में कामयाब हुए। आस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वार्न की अगुआई में राजस्थान रॉयल्स ही आईपीएल के पहले सत्र की विजेता बनी। इसने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर खिताब पर कब्जा किया।
इंडियन प्रीमियर लीग ने क्रिकेट का एक नया बाज़ार खड़ा किया। लेकिन,इसमें भी कोई दो राय नहीं है कि इस टूर्नामेंट ने कई युवा खिलाड़ियों की प्रतिभाओं को नयी पहचान दी। लोगों को मनोरंजन की एक नयी खुराक दी और क्रिकेट को धर्म मानने वाले भारत में खेल के नए आयाम से लोगों का परिचय कराया।
IPL First Season Stats